E-Paper

 शादीशुदा युवक के साथ 2 साल से लिव-इन में रह रही थी युवती, प्रेग्नेंट होने पर परिजनों को भेजा था मैसेज

 

 शादीशुदा युवक के साथ 2 साल से लिव-इन में रह रही थी युवती, प्रेग्नेंट होने पर परिजनों को भेजा था मैसेज

अलवर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा थाना क्षेत्र से दो माह से लापता युवती के मामले में पुलिस की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लिव-इन में रहने वाले युवक ने ही युवती का शव नहर में फेंका था। पुलिस ने अब आरो​पी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 21 अगस्त को सुशीला के मामा सतबीर चौधरी निवासी रघुनाथपुर, थाना सूरजगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुशीला 30 जून से लापता थी। पुलिस ने नीमराणा में रह रहे संदीप राजपूत (38) पुत्र नंदू सिंह निवासी चुड़ीना, पचेरी, झुंझुनूं को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

लिव-इन पार्टनर संदीप राजपूत ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि 30 जून को सुशीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद उसने शव को कार में रखकर हरियाणा के झज्जर सदर थाना क्षेत्र के सिलानी गांव के पास नहर में डाल दिया था। नीमराणा पुलिस सोमवार को संदीप को साथ लेकर झज्जर सदर थाने पहुंची। वहां पुलिस ने बताया कि 2 जुलाई को इसी नहर से एक युवती का शव मिला था।

अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने फोटो से की पहचान

झज्जर पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को सिलानी गांव के पास नहर से अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर 3 जुलाई को अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। 5 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद शव का लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया गया। झज्जर पुलिस ने मृत युवती के फोटो परिजनों को दिखाए, जिस पर परिजनों ने फोटो के आधार पर उसकी पहचान सुशीला के रूप में की।

जयपुर के महेश मीणा हत्याकांड मामले में बहन का वीडियो वायरल, पुलिस पर लगाए आरोप

जांच में यह भी सामने आया कि 30 जून को सुशीला के मोबाइल से परिजनों को मैसेज भेजा गया था। इसमें उसने अपनी पसंद से शादी करने और प्रेग्नेंट होने की बात लिखी थी। इसके बाद परिजनों को युवती से कोई संपर्क नहीं हो पाया था। झज्जर सदर थाना पुलिस ने संदीप को हत्या के मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है कि सुशीला ने मोबाइल से खुद मैसेजे भेजे थे या फिर किसी और ने भेजे।

2 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे

सुशीला और संदीप 2 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों पिछले चार महीने से नीमराणा तालाब के पीछे प्रदीप चौधरी के मकान में किराए पर पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। दोनों नीमराणा की एक कंपनी में काम करते थे। पुलिस के अनुसार संदीप पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल झज्जर सदर थाना पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर मामले की जांच और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को नहर में डालने के पीछे युवक की वास्तविक मंशा क्या थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!