शीर्षक — वंदेमातरम्

शीर्षक — वंदेमातरम्
हमको लगता सबसे प्यारा, वंदेमातरम् गीत है।
भारत माँ के चरणों में यह, श्रद्धा का संगीत है।
जन-जन के मन में गूँजे, इसकी पावन तान सदा।
माटी माँ की महिमा गाए, भारत का सम्मान सदा।
वीरों के बलिदानों की यह, अमर कहानी कहता है।
देश-प्रेम की ज्योति जगाकर, हर हृदय में रहता है।
कश्मीर से कन्याकुमारी, एक भाव में बँध जाए।
भेदभाव सब दूर भगाकर, भारत एक अखंड बनाए।
गंगा-यमुना की धारा में, इसकी पावन शान रहे।
हर भारतवासी के मन में, मातृभूमि का मान रहे।
सीमा पर जो प्रहरी जागे, उनको शत-शत नमन करें।
माँ की रक्षा हेतु सदा हम, अपना जीवन अर्पण करें।
हर दिल में बस यही नारा, भारत माँ की प्रीत है।
इस धरती का हर कण-कण, स्वाभिमान की रीत है।
वंदेमातरम् मंत्र हमारा, राष्ट्र-प्रेम की जीत है।
हमको लगता सबसे प्यारा, वंदेमातरम् गीत है।।
स्वरचित
डाॅ सुमन मेहरोत्रा ‘सुरभि’
मुजफ्फरपुर, बिहार




