छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में नवजातों के झुलसने की घटना के बाद बड़ा एक्शन
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में वार्मिंग मशीन में आग लगने से तीन नवजात बच्चे झुलस गए थे। गंभीर हालत में उन्हें जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक नवजात की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
घटना के बाद अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़े फायर सेफ्टी सिस्टम को लेकर प्रमुखता से खबर सामने आने के बाद रविवार को सांसद विवेक बंटी साहू ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
सांसद ने अस्पताल में लगे सभी सुरक्षा उपकरणों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मौजूद फायर सेफ्टी सिस्टम का अधिकृत इंजीनियर से फायर ऑडिट कराया जाए और बंद पड़े सिस्टम को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना होने पर अस्पताल पूरी तरह तैयार रहे।
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने मृत नवजात के परिवार को ₹4 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं जबलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने घायल नवजातों का हाल जाना। डॉक्टरों ने उन्हें बच्चों के बेहतर इलाज की जानकारी दी।
एक मासूम की जान जाने के बाद अब सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं, बल्कि अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने का है।




