मैहर को सीएम मोहन की बड़ी सौगात, 256 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
मैहर को सीएम मोहन की बड़ी सौगात, 256 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
संवाददाता राहुल द्विवेदी
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर पहुंचे, जहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के खातों में 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इस बार प्रत्येक पात्र महिला के खाते में नियमित 1,500 रुपये के साथ रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपये अतिरिक्त यानी कुल 1,750 रुपये पहुंचे।
मुख्यमंत्री के मैहर आगमन का दूसरा बड़ा केंद्र जिले के विकास कार्य रहे। उन्होंने 256 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मैहर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
25 करोड़ का आधुनिक स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने मैहर में 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। यह घोषणा जिले के खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय से बेहतर खेल सुविधाओं की जरूरत महसूस कर रहे मैहर के युवाओं को इससे बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं।
लिलजी जलाशय के नवीनीकरण पर 50 करोड़
मैहर के लिलजी जलाशय के नवीनीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की गई। जल संसाधन और स्थानीय जरूरतों के लिहाज से इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बड़ा अस्पताल और 5 हजार गौवंश की गौशाला
मुख्यमंत्री ने मैहर में बड़ा अस्पताल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा 5,000 गौवंश क्षमता वाली बड़ी गौशाला बनाने की बात भी कही गई। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गौवंश संरक्षण की दिशा में इसे अहम घोषणा माना जा रहा है।
घुनवारा में ITI और स्कूलों का होगा उन्नयन
युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए मैहर के ग्राम घुनवारा में ITI संस्थान बनाए जाने की घोषणा की गई। साथ ही क्षेत्र के स्कूलों के उन्नयन की भी बात मुख्यमंत्री ने कही।
आल्हा परंपरा को भी मिला सम्मान
मैहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान आल्हा गायन परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने आल्हा गायकों की समितियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की। इससे स्थानीय लोक संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
मां मैहर लोक के प्रथम चरण का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में मां मैहर लोक के प्रथम चरण का भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने मां शारदा की नगरी मैहर की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और आल्हा-ऊदल की लोकगाथा का उल्लेख भी किया।
मैहर के गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में नर्मदा जल पहुंचाने की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि मैहर क्षेत्र के गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से छूटे गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की बात भी कही।
पांच साल तक जारी रहेगी लाड़ली बहना योजना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने आने वाले पांच साल तक लाड़ली बहनों को राशि देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री का मैहर दौरा इस लिहाज से महत्वपूर्ण रहा कि एक ओर जहां रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची, वहीं दूसरी ओर मैहर जिले को 256 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों और कई नई घोषणाओं की सौगात मिली।




