कटनी-– जिले के परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कटनी-– जिले के परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कटनी आरटीओ कार्यालय लंबे समय से दलालों और बिचौलियों का अड्डा बन चुका है, जहां आम नागरिकों की बजाय पूरे दिन दलालों की भीड़ दिखाई देती है।शिकायत के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, नामांतरण, परमिट सहित अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों से दलाल मनमानी रकम वसूल रहे हैं। आरोप है कि सामान्य प्रक्रिया से जिन कार्यों में लगभग 15 दिन का समय लगता है, वही कार्य दलालों के माध्यम से मोटी रकम लेकर मात्र 2 से 3 दिनों में करा दिए जाते हैं। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।इंद्र मिश्रा का आरोप है कि यह पूरा खेल विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। आरटीओ कार्यालय के बाहर अवैध रूप से संचालित टपरे और दलाली केंद्र खुलेआम चल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाया है।समाजसेवी ने कलेक्टर से मांग की है कि आरटीओ कार्यालय एवं उसके आसपास सक्रिय दलालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए, अवैध टपरे और दलाली केंद्र तत्काल हटाए जाएं, कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आम नागरिकों के लिए हेल्प डेस्क, शिकायत पेटी और निर्धारित शासकीय शुल्क संबंधी सूचना-पट्ट लगाने की भी मांग की गई है।यह शिकायत 06 अगस्त 2026 को कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत की गई है, जिसकी आवक क्रमांक 3990 दर्ज की गई है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिले के मुखिया इस गंभीर शिकायत को संज्ञान में लेकर आरटीओ कार्यालय में वर्षों से जमे कथित दलाल तंत्र पर कार्रवाई करेंगे, या फिर यह शिकायत भी फाइलों में दबकर रह जाएगी?फिलहाल पूरे जिले की नजर कलेक्टर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।




