E-Paperलोकल न्यूज़

पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने शेष भूखंडों की द्वितीय निविदा आमंत्रित

पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने शेष भूखंडों की द्वितीय निविदा आमंत्रित

 

एक ही स्थल पर पेट्रोल पम्प, धर्मकांटा, ढाबा के लिए भी भूखंड उपलब्ध

 

ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करने हेतु सहयोग की अपील

 

कटनी- नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को व्यवस्थित रूप देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ग्राम पुरैनी में नगर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को शिफ्ट करने के किए जा रहे प्रयासों को गति प्रदान कर ‘ट्रांसपोर्ट नगर’ में शेष बचे भूखंडों की नीलामी के लिए द्वितीय निविदा आमंत्रित की गई है। ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायियों को एक ही परिसर में सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम होगा।

 

 पहली निविदा में दिखा उत्साह

 

 नगर निगम प्रशासन द्वारा अचल संपत्ति अंतरण नियमों के तहत जारी प्रथम निविदा में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली । विभिन्न आकार के भूखंडों हेतु जारी प्रथम निविदा में कुल 54 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

 

 द्वितीय निविदा की अंतिम तिथि 6 अगस्त

 

 ट्रांसपोर्ट नगर के शेष भूखंडों को देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा द्वितीय निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। ताकि अधिक से अधिक पात्र ट्रांसपोर्ट व्यवसाई इस योजना का लाभ ले सकें । इच्छुक एवं पात्र निविदाकार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार www.mptenders.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निविदा में भाग ले सकते हैं। निविदा में सहभागिता की अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 है। ट्रांसपोर्ट नगर में भूखंडों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा मौके पर भूखंड निरीक्षण हेतु नगर निगम उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी मोबाइल नंबर 9981379995 पर रोजाना दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच संपर्क किया जा सकता है।

 

 छोटी दुकान से बड़े गोदाम तक, पेट्रोल पंप-धर्मकांटा भी

 

 पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की 36 भूखंडों हेतु जारी द्वितीय निविदा में विभिन्न श्रेणियों के भूखंड उपलब्ध हैं। जिसमें 27 भूखंड – बड़े गोदाम तथा 6 भूखंड कार्यालय के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त परिसर में व्यवसायियों और ड्राइवरों की सुविधा के लिए पेट्रोल पंप, धर्मकांटा एवं ढाबा हेतु भी विशेष रूप से 3 भूखंडों का प्रावधान किया गया है। पूरे परिसर में सड़क, बिजली आदि की सुविधाएं उपलब्ध है।

 

ट्रांसपोर्ट नगर से बदलेगी शहर की तस्वीर

 

 महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बताया कि नगर निगम की ट्रांसपोर्ट नगर योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों में फैले ट्रांसपोर्ट कार्यालयों, गोदामों और भारी वाहनों की पार्किंग को एक सुनियोजित स्थान पर लाना है। इससे न केवल शहर के मुख्य मार्गों पर जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि व्यवसायियों को भी बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।

 

निगम प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर ट्रांसपोर्ट नगर योजना से जुड़ें और कटनी को व्यापार एवं यातायात के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!