कटनी बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। सोमवार शाम जर्जर हालत में खड़ा बिजली का खंभा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।

घटना स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कौंडिया की है, जहां करीब 45 वर्षीय मुकेश शुक्ला अपने ही घर के सामने खड़े थे। तभी वर्षों से जर्जर बिजली का पोल अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि खंभा बेहद जर्जर था और इसे हटाने या बदलने को लेकर कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने आंखें मूंदे रखीं। आखिरकार वही लापरवाही एक परिवार के लिए काल बन गई।
मौत के बाद बवाल
मंगलवार सुबह जैसे ही शव गांव पहुंचा, गुस्साए ग्रामीणों ने बहोरीबंद–स्लीमनाबाद मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीण दोषी विद्युत कर्मचारियों पर एफआईआर और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मौके पर पुलिस बल तैनात
स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाइश और आश्वासन देते नजर आए, लेकिन सवाल अब भी कायम है—
क्या लापरवाही से गई जान का मिलेगा इंसाफ, या फिर फाइलों में दब जाएगी एक और मौत?