E-Paperदेशमध्य प्रदेश

श्रावण मास के प्रथम दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सांसद गणेश सिंह की सौजन्य भेंट, चित्रकूट, नर्मदा सिंचाई और सतना के विकास पर हुई सार्थक चर्चा

श्रावण मास के प्रथम दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सांसद गणेश सिंह की सौजन्य भेंट, चित्रकूट, नर्मदा सिंचाई और सतना के विकास पर हुई सार्थक चर्चा
नई दिल्ली। पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस पर सतना सांसद गणेश सिंह ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। आत्मीय वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान सतना लोकसभा क्षेत्र एवं विंध्य अंचल से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विकास एवं जनकल्याण के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद गणेश सिंह ने प्रधानमंत्री से चित्रकूट को राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर के रूप में विकसित करने तथा भगवान श्रीराम के वनगमन मार्ग के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के समुचित निर्धारण हेतु विशेषज्ञ समिति के गठन का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने माँ नर्मदा के पवित्र जल को सतना लोकसभा क्षेत्र की लगभग 1.45 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचाई के लिए पहुँचाने की दिशा में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी दी।
बैठक में सतना शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए तीन नए फ्लाईओवरों के निर्माण तथा सतना–सेमरिया–प्रयागराज मार्ग को भारतमाला परियोजना में शामिल करने का भी अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त आगामी 17 सितंबर को आयोजित होने वाले दिव्यांग सेवा शिविर तथा जनसुविधा के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए सांसद सुविधा केंद्र की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद निःशुल्क चलित चिकित्सा अस्पतालों के माध्यम से विशेष रूप से मातृशक्ति के स्वास्थ्य पर अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्तन कैंसर की समय पर पहचान, व्यापक जनजागरूकता तथा समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री ने सतना लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी ली और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति देने के लिए सांसद गणेश सिंह को प्रेरित किया।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री से प्राप्त आत्मीयता, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा वे क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह के साथ उनके सुपुत्र विकल्प सिंह एवं पुत्रवधू सोनम सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!