राजस्थान: स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार, थाईलैंड और दिल्ली की 5 युवतियां सहित 9 लोग गिरफ्तार

राजस्थान: स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार, थाईलैंड और दिल्ली की 5 युवतियां सहित 9 लोग गिरफ्तार
भीलवाड़ा: शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में मानसरोवर झील के पास स्थित एक व्यावसायिक भवन में चल रहे स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने एक कांस्टेबल को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर में भेजा और इशारा मिलते ही छापा मारकर कार्रवाई की.
ग्राहक बनकर पहुंचा कांस्टेबल
पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रताप नगर के पटेलनगर इलाके में संचालित एक स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं. इसके सत्यापन के लिए कांस्टेबल को ग्राहक बनाकर भेजा गया. जैसे ही पुख्ता जानकारी मिली, पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी.
5 युवतियां और 4 युवक गिरफ्तार
छापे के दौरान पुलिस ने 5 युवतियों और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवतियों में तीन दिल्ली की, एक उदयपुर की और एक थाईलैंड की रहने वाली बताई गई है. वहीं, गिरफ्तार पुरुषों में ग्वालियर निवासी पराग चतुर्वेदी, दाथल निवासी कैलाश जाट और स्पा सेंटर का संचालक शाहपुरा के कालिंजरी निवासी रामरतन कुमावत शामिल है.
बॉडी मसाज के नाम पर अवैध वसूली
पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर ब्यूटी सैलून की आड़ में देह व्यापार का संचालन कर रहा था. बोगस ग्राहक बने कांस्टेबल से बॉडी मसाज के नाम पर पहले रिसेप्शन पर 500 रुपये लिए गए, जबकि अंदर मौजूद युवती ने 1500 रुपये अतिरिक्त मांगे. तय इशारा मिलते ही पुलिस टीम अंदर पहुंची और मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ जारी
सीओ सिटी सज्जन सिंह ने बताया कि स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई. सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.




