कुंदनदास विद्यालय में बालिका दिवस पर प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कुंदनदास विद्यालय में बालिका दिवस पर प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं को कौशल शिक्षा, डिजिटल कौशल एवं करियर निर्माण पर किया जागरूक
कटनी – महिला एवं बाल विकास विभाग कटनी द्वारा बालिका दिवस के उपलक्ष्य में कुंदनदास विद्यालय माधव नगर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कटनी शहरी की परियोजना अधिकारी अनुपमा आटे ने छात्राओं को कौशल विकास के महत्व, स्टेम जागरूकता एवं करियर निर्माण पर विस्तार से जानकारी दी।
तत्पश्चात वन स्टॉप सेंटर, कटनी की प्रशासक शैली तिवारी द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से सम्बन्धित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं छात्रवृत्ति एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी छात्राओं को दी गई। उन्होंने छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर एवं महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में बताया। महिला हेल्पलाइन के माध्यम से कोई भी महिला तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैँ।
सामाजिक कार्यकर्ता शैलजा पाण्डेय द्वारा छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के बाल मित्र प्रावधानों एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन बच्चों के लिए संचालित आपातकालीन सेवा है, जो बच्चों को मुसीबत के समय तत्काल सहायता प्रदान करती है।
कार्यक्रम के उपरांत छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर कटनी का भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने वन स्टॉप सेंटर एवं महिला हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली को समक्ष में देखा और समझा। छात्राओं द्वारा जागरूकता कार्यक्रम एवं वन स्टॉप सेंटर के उन्मुखीकरण भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया गया।




