रीवा: कर्मचारी पर गोली चलाने वाले बार मालिक के खिलाफ रॉयल राजपूत संगठन का हल्ला बोल, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

रीवा: कर्मचारी पर गोली चलाने वाले बार मालिक के खिलाफ रॉयल राजपूत संगठन का हल्ला बोल, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
रीवा: कर्मचारी पर गोली चलाने वाले बार मालिक के खिलाफ रॉयल राजपूत संगठन का हल्ला बोल, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
रीवा: शहर के एक बियर बार में कर्मचारी को गोली मारे जाने की घटना के विरोध में रॉयल राजपूत संगठन ने मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा. संगठन ने दो टूक मांग की है कि आरोपी बार मालिक का शस्त्र लाइसेंस और उसके व्यवसाय (बियर बार) का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए.
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जो व्यक्ति अपने आवेश पर नियंत्रण नहीं रख सकता, उसके हाथ में हथियार होना समाज के लिए बड़ा खतरा है. उन्होंने तर्क दिया कि नशे और रसूख के नशे में चूर होकर अपने ही कर्मचारी पर गोली चलाने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में रियायत का हकदार नहीं है.
उल्लेखनीय है कि बीती 27 दिसंबर को बियर बार के संचालक एल.बी. पटेल ने वहां कार्यरत कर्मचारी जमुना सिंह बघेल को गोली मार दी थी. हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन संगठन का कहना है कि आरोपी की आर्थिक और सामाजिक शक्ति पर चोट करना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
आरोपी की लाइसेंसी बंदूक का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द हो. संबंधित बियर बार का संचालन पूरी तरह बंद कर उसका लाइसेंस निरस्त किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाए.



