ग्राम पंचायत संसारपुर में आनंद उत्सव 2026 का हुआ आयोजन

ग्राम पंचायत संसारपुर में आनंद उत्सव 2026 का हुआ आयोजन
कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर विकासखंड बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत संसारपुर के शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में क्लस्टर स्तरीय आनंद उत्सव 2026 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय रूप से प्रचलित खेलों कबड्डी, दौड़, बोरा दौड़, वॉलीबॉल, रस्साकशी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में ग्राम पंचायत संसारपुर, गुदरी एवं लखनवारा के युवाओं सहित 50 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने आनंद उत्सव का भरपूर आनंद लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत संसारपुर की सरपंच मीना रघुवीर यादव द्वारा विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप शील्ड एवं मेडल प्रदान किए गए। वहीं शाला को भूमि दान करने वाले परिवार के पुत्र मनीष यादव का सम्मान साल श्रीफल से किया गया। ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्था युवा जन सेवा समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का मंच संचालन सरमन कुमार झारिया द्वारा किया गया।
आनंद उत्सव में विकासखंड समन्वयक अरविन्द शाह, सचिव रामशरण सोनी, रोजगार सचिव परमेश्वर, रविन्द्रनाथ दारिया, विनोद सिंह, उमाशंकर दुबे, राजेश कुमार दुबे, सुखदेव प्रसाद सोनी, भगवत प्रसाद यादव, रणधीर सिंह, रविकांत दुबे, हरि विश्वकर्मा, अनिल नामदेव, संतराम यादव, मगन लाल पटेल, मंजू साहू, राम सुजान यादव, रामदास यादव, प्रयागराज यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।




