लोकल न्यूज़

शैक्षिक संवाद का जिला स्तरीय माध्यमिक स्तर उन्मुखीकरण संपन्न

शैक्षिक संवाद का जिला स्तरीय माध्यमिक स्तर उन्मुखीकरण संपन्न

 

प्रभावी लेखन, पुनरावलोकन एवं समेकन है पाठ योजना की अनिवार्य आवश्यकता

 

कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कटनी में माध्यमिक शाला के 89 सहजकर्ता शिक्षकों एवं जन शिक्षकों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण आयोजित किया गया।

 

 माँ सरस्वती के पूजन से प्रारम्भ हुए उन्मुखीकरण में जानकारी देते हुए डाइट से शैक्षिक संवाद प्रभारी राकेश सिन्नरकर ने बताया कि सत्र 2025-26 में अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक प्रतिमाह प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र में शैक्षिक संवाद का आयोजन किया जा रहा ह। इसमें द्वितीय शनिवार को कक्षा 1 से 2, तृतीय शनिवार को कक्षा 3 से 5 तथा चतुर्थ शनिवार को कक्षा 6 से 8 का शैक्षिक संवाद आयोजित किये जाने के निर्देश हैं।

 

 कक्षा 3 से 5 हेतु शैक्षिक संवाद की थीम प्राथमिक कक्षाओं में प्रभावी लेखन तथा कक्षा 6 से 8 के संवाद हेतु पुनरावलोकन एवं समेकन निर्धारित की गई है। राज्य से प्रशिक्षित जिला स्तरीय सहजकर्ताओं सारिका गुप्ता एवं पायल अग्रवाल ने नवंबर माह के शैक्षिक संवाद के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए डैशबोर्ड के आधार पर पिछले संवाद की समीक्षा, प्रभावी चर्चा हेतु साझा नियम, महत्वपूर्ण बिंदुओं का दोहराव, शैक्षिक संवाद के आयोजन के मुख्य उद्देश्य, डिजाइन सिद्धांत, पोस्ट वर्क, एंट्री रूटीन एक रोचक शुरुआत एवं प्रशिक्षण से जुड़ाव, पिछले संवाद से सीख, पुनरावलोकन एवं समेकन की आवश्यकता एवं शिक्षण अधिगम में इसका महत्व, प्रभावी पुनरावलोकन एवं समेकन को विभिन्न केस स्टडी एवं परिदृश्य के माध्यम से सभी शिक्षकों से प्रभावी चर्चा की।

 

 संवाद के अंत में दोनों सहजकर्ताओं ने सभी शिक्षकों को पोस्टवर्क दिया। पीपल संस्था से नौशाद खान ने दीक्षा ऐप पर कोर्स पूर्ण करने तथा बेस्ट प्रैक्टिसेज को पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से साझा किया।

 

 डाइट से प्रशिक्षण प्रभारी राजेंद्र असाटी ने कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों को पूर्ण करने की दिशा में तकनीकी का प्रभावी उपयोग, आगामी प्रशिक्षण योजना, मॉनिटरिंग प्रारूप, निपुण भारत के लक्ष्य, राष्ट्रीय परख सर्वेक्षण एवं विभिन्न कक्षाओं के परीक्षा परिणाम के आधार पर चिन्हित किए गए कम उपलब्धि वाले लर्निंग आउटकम को बेहतर करने हेतु प्रस्तुतिकरण किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली शालाओं में अधोसंरचना की पूर्ति तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत करने की योजना भी बताई। उन्मुखीकरण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं शिखा पांडे एवं रमा सोनी के कार्यों का वीडियो दिखाया गया।

 

 प्राचार्य एम पी डुंगडुंग द्वारा मॉनिटरिंग में दिए गए निर्देशों के अनुरूप अपने विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापना हेतु बालक एवं कन्या माध्यमिक शाला बरही, ददरा टोला के शाला प्रमुख एवं शिक्षकों की सराहना की गई। संवाद में उपस्थित सभी सहज़कर्ता आगामी 27 दिसंबर को अपने जन शिक्षा केंद्र में शैक्षिक संवाद का आयोजन करेंगे।

 

जिला स्तरीय स्तरीय उन्मुखीकरण में ज्योति श्रीवास्तव तथा डाइट स्टाफ राजेश गुप्ता, रामकुमार मिश्रा, मंजू शर्मा, सत्येंद्र कोरी, गोविंद, संतोष जायसवाल आदि सभी का सहयोग उल्लेखनीय रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!