राजस्थान: जीजा के साथ बाइक पर जा रही थी महिला, रास्ते में बंधक बनाकर बदमाशों ने पूरी रात किया गैंगरेप

राजस्थान: जीजा के साथ बाइक पर जा रही थी महिला, रास्ते में बंधक बनाकर बदमाशों ने पूरी रात किया गैंगरेप
बांसवाड़ा: जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह घटना 22 दिसंबर की रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी तीन दिन बाद सामने आई. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता (32) पिछले तीन वर्षों से अपने पीहर में रह रही थी. घटना वाली रात वह अपने बहनोई के साथ बाइक से नोतरे में शामिल होने गई थी. बहनोई मध्य प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है. जब दोनों आंबापुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुरा पंचायत के समीप पहुंचे, तभी दो-तीन बाइकों पर सवार पांच से सात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया.
आरोप है कि बदमाशों ने बहनोई के साथ मारपीट की और महिला को पास ही एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पूरी रात बंधक बनाए रखा. इस दौरान आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता के अनुसार, सुबह आरोपियों ने उसे उसकी बुआ के घर के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गए. इसके बाद पीड़िता अपनी बुआ के साथ थाने पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई.
मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दो नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पांच संदिग्ध हिरासत में हैं, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पीड़िता के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं.
घटना को लेकर राजनीतिक हलचल भी देखी गई है. पूर्व मंत्री धनसिंह रावत ने मंगलवार को राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर इस मामले पर चर्चा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
सामूहिक दुष्कर्म के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया. डॉक्टरों के अनुसार महिला के घुटनों पर गिरने से चोट के निशान पाए गए हैं. हालांकि, एफएसएल रिपोर्ट आने तक मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम रिपोर्ट सुरक्षित रखी है.




